पंजाब के मोगा जिले के गिल रोड पर एक खाली प्लॉट से शनिवार सुबह अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ। मृतक की उम्र लगभग 30 से 40 वर्ष के बीच बताई जा रही है, लेकिन उसकी पहचान अब तक नहीं हो पाई है। स्थानीय लोगों ने सुबह खाली प्लॉट में एक व्यक्ति को संदिग्ध अवस्था में पड़ा देखा, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। फिलहाल मृतक की पहचान न होने से पुलिस जांच में दिक्कत आ रही है। आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि पता चल सके कि मृतक वहां कैसे पहुंचा। पुलिस को संदेह है कि यह हत्या भी हो सकती है, हालांकि अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा। पुलिस हत्याकांड और दुर्घटना दोनों पहलुओं पर जांच कर रही है। स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।
Source: Source