हरियाणा सरकार के गृह विभाग ने फरीदाबाद के एनआईटी जोन में आज (30 मई) मोबाइल इंटरनेट, बल्क एसएमएस और डोंगल सेवाओं को अस्थायी रूप से निलंबित करने का आदेश दिया है। यह कदम क्षेत्र में प्रस्तावित एक बड़े तोड़फोड़ अभियान के मद्देनजर उठाया गया है। प्रशासन को खुफिया सूचनाएं मिली थीं कि इस अभियान के दौरान तनाव, उपद्रव और सार्वजनिक व निजी संपत्तियों को नुकसान पहुंचने की आशंका है। इसलिए कानून-व्यवस्था और सार्वजनिक शांति बनाए रखने के लिए यह निर्णय लिया गया है। सरकार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म (व्हाट्सएप, फेसबुक, इंस्टाग्राम, ट्विटर आदि) से भड़काऊ सामग्री और अफवाहों के प्रसार को रोकने के लिए यह सख्त कदम उठाया है। साथ ही, भीड़ इकट्ठा होने और संभावित हिंसा को रोकना भी मुख्य उद्देश्य है। आदेश गृह विभाग की अतिरिक्त सचिव डॉ. वंदना दिसोदिया (IAS) द्वारा जारी किया गया है। यह प्रतिबंध विशिष्ट दायरे के भीतर लागू रहेगा। प्रशासन स्थिति पर कड़ी नजर रखे हुए है। नागरिकों से शांति बनाए रखने और किसी भी अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की गई है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है।
Source: Source