हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 29 मई को स्वस्थ हरियाणा समृद्ध हरियाणा अभियान के तहत प्रदेश भर में लगभग 100 करोड़ रुपये की स्वास्थ्य परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे। यह कार्यक्रम पंचकूला से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से होगा, जिसे भिवानी के पंचायत भवन में सीधा प्रसारित किया जाएगा। इस अवसर पर भिवानी जिले को कुल 4 करोड़ 19 लाख रुपये की लागत से तीन ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट (PHU) और चार ब्लॉक सब हेल्थ सेंटर की सौगात दी जाएगी। ये PHU कैरु, बवानीखेड़ा और लोहारू में बनाए गए हैं। वहीं, नए सब हेल्थ सेंटर गोपालवास, नूनसर, बहल और पातवान में खोले जाएंगे। इसके अलावा, भिवानी के चौधरी बंसीलाल राजकीय अस्पताल में स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान के तहत बनाया गया महिला क्लीनिक भी राष्ट्र को समर्पित किया जाएगा। जिला स्तरीय कार्यक्रम में हरियाणा की महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी मुख्य अतिथि होंगी।
Source: Source