बिलासपुर जिला प्रशासन ने रेत के बाद अब अवैध कोयला कारोबार पर बड़ी कार्रवाई की है। खनिज विभाग ने रतनपुर के ग्राम लिम्हा स्थित मेसर्स कश्यप कोल डिपो पर छापेमारी की। जांच में पाया गया कि डिपो का भंडारण लाइसेंस खत्म हो चुका था, फिर भी वहाँ कोयले का कारोबार चल रहा था। विभाग ने मौके से करीब 1500 मीट्रिक टन कोयला, एक ट्रेलर और एक लोडर मशीन जब्त की। डिपो को तुरंत सील कर दिया गया। इसी दौरान शासकीय जमीन पर बिना अनुमति खनिज उत्खनन करती दो जेसीबी मशीनें भी पकड़ी गईं। कार्रवाई देख दो हाईवा चालक और जेसीबी ऑपरेटर वाहन छोड़कर फरार हो गए, जिन्हें मौके पर सील कर दिया गया। मस्तूरी इलाके में पचपेड़ी में अवैध चूना पत्थर और लावर में अवैध रेत परिवहन करते तीन हाईवा भी जब्त किए गए। कलेक्टर और एसएसपी ने पहले ही चेतावनी दी थी कि गड़बड़ी मिलने पर सीधी कार्रवाई होगी। विभाग का कहना है कि अवैध खनन के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
Source: Source