लुधियाना एक व्यक्ति को कथित तौर पर 6 साल तक बंधक बनाकर मजदूरी करवाने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने आरोप लगाया कि जमींदार परिवार उससे सुबह से देर रात तक करीब 18 से 20 घंटे काम करवाता था और बदले में सिर्फ 200 रुपए दिहाड़ी देता था। पीड़ित का कहना है कि उसने मकान बनाने के लिए जमींदार से कर्ज लिया था, जिसके बाद वह उनके चंगुल में फंस गया। उसने बताया कि इस दौरान वह न तो अपने बच्चों के स्कूल जा पाता था और न ही परिवार या रिश्तेदारों के किसी खुशी-गम में शामिल हो पाता था। जब भी वह घर जाने की बात करता तो आरोपी उसे पत्नी से तलाक लेने तक की बात कहते और दावा करते कि वे उसके बच्चों को पाल लेंगे। पीड़ित की पत्नी ने परेशान होकर निहंग बाबा कुलदीप सिंह से मदद मांगी। इसके बाद निहंग जत्थेबंदी हरकत में आई और पुलिस को सूचना दी गई। आरोप है कि जमींदार के पास मौजूद दो पिस्टल भी पुलिस ने कब्जे में लिए। इसके बाद निहंगों ने जमींदार के घर पहुंचकर व्यक्ति को वहां से मुक्त करवाया और परिवार के हवाले किया। मामले में थाना जमालपुर के एसएचओ प्रमोद कुमार ने कहा कि उन्होंने हाल ही में चार्ज संभाला है और पूरे मामले की जानकारी जुटाई जा रही है। जांच निष्पक्ष तरीके से की जाएगी। वहीं, आरोपी जमींदार परिवार ने इस मामले पर कुछ भी कहने से इनकार कर दिया।
Source: Source