जालंधर के पुलिस डीएवी पब्लिक स्कूल में संस्थापक प्रिंसिपल डॉ. रश्मि विज के रिटायरमेंट पर सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में उनके 30 वर्षों के शिक्षा क्षेत्र में योगदान को याद किया गया। स्कूल प्रबंधन, शिक्षक और कई शिक्षाविदों ने उन्हें सम्मानित किया। कार्यक्रम में एडीजीपी और स्कूल एलएमसी अध्यक्ष एम. एफ. फारूकी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। पूर्व डीजीपी राजन गुप्ता, प्रबंधक स्वीन पुरी और अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे। डॉ. रश्मि विज के सम्मान में सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। उनके 30 वर्षों के सफर और उपलब्धियों पर आधारित वीडियो भी दिखाया गया। स्कूल प्रबंधन ने उन्हें शॉल, स्मृति चिह्न और उपहार देकर सम्मानित किया। अपने कार्यकाल में डॉ. रश्मि विज को कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय सम्मान प्राप्त हुए। उन्हें वर्ष 2007 में राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार और ब्रिटिश काउंसिल का ग्लोबल टीचर एक्रीडिटेशन मिला था। उन्होंने डीएवी पब्लिक स्कूलों की क्षेत्रीय अधिकारी और सीबीएसई सिटी कोऑर्डिनेटर के रूप में भी सेवाएं दीं। विदाई के दौरान डॉ. रश्मि विज भावुक हो गईं और उन्होंने स्कूल परिवार, विद्यार्थियों व सहयोगियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि स्कूल से उनका जुड़ाव हमेशा बना रहेगा।
Source: Source