हिसार के सूर्य नगर में हवाई फायरिंग कर जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी मोटरसाइकिल पर सवार होकर मौके पर पहुंचे थे। आरोप है कि एक आरोपी ने पिस्टल लहराते हुए हवा में फायरिंग की और धमकी दी। घटना के बाद दोनों आरोपी वहां से फरार हो गए थे। शिकायतकर्ता संजय के अनुसार उनके बेटे बाबू उर्फ वंश का महाबीर कॉलोनी निवासी आदि से पहले से विवाद चल रहा था। घटना रात करीब साढ़े नौ बजे सूर्य नगर की गली नंबर 12 में हुई थी। शिकायत के आधार पर थाना एचटीएम में मामला दर्ज किया गया। मामले की जांच एएसआई संदीप कुमार को सौंपी गई थी। पुलिस ने महाबीर कॉलोनी निवासी गगन उर्फ आदि और गौरव उर्फ जंतरी को गिरफ्तार किया। दोनों से पूछताछ के दौरान घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई गई। पुलिस ने आरोपियों से घटनास्थल की पहचान भी करवाई। जरूरी कानूनी और दस्तावेजी कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों को अदालत में पेश किया गया। अदालत ने दोनों आरोपियों को सेंट्रल जेल हिसार भेज दिया। पुलिस ने कहा कि हथियार दिखाकर भय पैदा करने और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
Source: Source