हरियाणा के हिसार में अतिक्रमण हटाने पहुंची HSVP टीम को भारी विरोध का सामना करना पड़ा। सेक्टर-33 में कार्रवाई के दौरान एक व्यक्ति ने SDO रामप्रसाद को धमकी देते हुए कहा कि वह उनकी नौकरी खा जाएगा। इस पर मौके पर तनावपूर्ण माहौल बन गया। SDO और टीम ने संबंधित व्यक्ति से मकान का नक्शा मांगा। व्यक्ति ने बताया कि उसने नक्शे के लिए आवेदन किया हुआ है। SDO ने कहा कि सरकारी जमीन पर किसी का कब्जा स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि हाईकोर्ट के आदेश पर यह कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर बने अवैध कब्जों को हटाया जाएगा। इसी अभियान के तहत सेक्टर-14 में कांग्रेस के शहरी जिलाध्यक्ष बजरंग दास गर्ग के घर के बाहर बना अवैध कब्जा भी हटाया गया। टीम ने जेसीबी की मदद से रैंप और कब्जे वाली जगह को तोड़ा। कार्रवाई के दौरान कांग्रेस नेता घर के अंदर ही रहे और बाहर नहीं आए। प्रशासन ने कहा कि शहर के कई सेक्टरों में अतिक्रमण हटाने का अभियान लगातार जारी रहेगा। अधिकारियों ने बताया कि पहले हटाए गए कब्जों की दोबारा जांच भी की जाएगी। इससे पहले सेक्टर-14 मार्केट में भी टीम को विरोध का सामना करना पड़ा था। वहां एक दुकानदार झाड़ू लेकर SDO की ओर दौड़ पड़ा था और गाली-गलौज की थी। बाद में पुलिस ने दुकानदार को हिरासत में लिया था और उसने माफी मांग ली थी।
Source: Source