छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में नर्सिंग स्टाफ ने अपनी लंबित मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है। नर्सिंग ऑफिसर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने शनिवार को मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर में एकत्र होकर काम का बहिष्कार किया। प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में जमकर नारेबाजी की। नर्सिंग स्टाफ का कहना है कि वे पिछले कई वर्षों से ग्रेड पे वेतनमान की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक इसका ठोस समाधान नहीं हुआ है। शुक्रवार को भी मेडिकल कॉलेज अस्पताल के बाहर सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया गया था। शनिवार को कर्मचारियों ने स्कूटी रैली निकालकर अपना विरोध दर्ज कराया। रैली मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर से शुरू होकर अतरमुड़ा होते हुए अंबेडकर चौक पहुंची। इसके बाद रैली वापस अस्पताल परिसर में आकर समाप्त हुई। पूरे रास्ते प्रदर्शनकारी अपनी मांगों के समर्थन में नारे लगाते रहे। एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि यदि मांगें पूरी नहीं हुईं, तो 18 नवंबर से प्रदेश स्तर पर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जाएगी।
Source: Source