हरियाणा में इनेलो के महंगाई और भ्रष्टाचार विरोधी प्रदर्शन के दौरान सोनीपत और कैथल में जमकर हंगामा हुआ। सोनीपत में कार्यकर्ता बैलगाड़ियों पर सवार होकर मिनी सचिवालय पहुंचे। डीसी को ज्ञापन देने की जिद पर अड़े कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गेट पर रोक दिया। एक घंटे धूप में इंतजार के बाद कार्यकर्ताओं ने पुलिस की घेराबंदी तोड़ते हुए जबरन गेट खोल दिया और परिसर के अंदर घुस गए। धक्का-मुक्की हुई, लेकिन कोई गंभीर हिंसा नहीं हुई। वहीं, कैथल में महिला कार्यकर्ताओं ने पिहोवा चौक पर मटके फोड़कर प्रदर्शन किया और बाद में लघु सचिवालय तक रोष मार्च निकाला। इनेलो जिलाध्यक्ष कुणाल गहलावत ने प्रशासन पर तानाशाही का आरोप लगाते हुए कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों को एक घंटे तक धूप में रखा गया। प्रदर्शन के दौरान बुजुर्ग महिलाएं परेशान हो गईं।
Source: Source