हरियाणा के सोनीपत जिले के खरखौदा क्षेत्र में ड्रेन नंबर-8 के पास तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार मां-बेटे को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल मेसो देवी की इलाज के दौरान मौत हो गई। उनके बेटे मनजीत को भी चोटें आईं। मनजीत गांव खांडा का निवासी है और मेहनत-मजदूरी करता है। उसने बताया कि 9 अक्टूबर को दोपहर करीब 12:30 बजे वह अपनी मां को बाइक पर बैठाकर खरखौदा जा रहा था। चौलका के पास पीछे से आई तेज रफ्तार बस ने उनकी बाइक को पीछे और साइड से टक्कर मार दी। टक्कर के कारण मां-बेटे सड़क पर गिर गए और घायल हो गए। मनजीत के अनुसार, बस चालक कुछ देर रुका, लेकिन बाद में बस लेकर फरार हो गया। उसने बस का नंबर HR55BE-1670 नोट किया था। मनजीत अपनी घायल मां को पहले खरखौदा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गया, जहां से उन्हें सोनीपत के ट्यूलिप अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान मेसो देवी ने दम तोड़ दिया। उनकी मौत की सूचना मिलने के बाद पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक दस्तावेज जुटाए। मनजीत की शिकायत और मेडिकल रिकॉर्ड के आधार पर खरखौदा थाना पुलिस ने अज्ञात बस चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 281, 106 और 125(A) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस बस चालक की पहचान करने और हादसे से जुड़े तथ्यों की जांच में जुटी है।
Source: Source