फरीदाबाद के पल्ला थाना क्षेत्र में बाजार स्थित विकास टेलीकॉम की दुकान पर युवकों द्वारा हमला करने का मामला सामने आया है। दुकानदार विकास के अनुसार, घटना रात करीब 9 बजे हुई। आरोप है कि लाठी-डंडों से लैस युवक दुकान में घुसे और वहां मारपीट करने लगे। विरोध करने पर हमलावरों ने लोगों के साथ मारपीट की। इस दौरान एक युवक के सिर में चोट लग गई। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। दुकानदार ने आरोप लगाया कि हमलावर दुकान से मोबाइल फोन और नकदी लेकर फरार हो गए। हालांकि, पुलिस को पैसे ले जाने के आरोप की पुष्टि करने वाले सबूत नहीं मिले हैं। घटना की सूचना मिलने पर पल्ला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस हमलावरों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। जांच अधिकारी राजकुमार ने बताया कि शुरुआती जानकारी में झगड़े की बात सामने आई है, लेकिन नकदी ले जाने का आरोप अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घटनास्थल से युवकों की एक बाइक भी बरामद हुई है।
Source: Source