सोनीपत के गोहाना में 21 जून को होने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को भव्य बनाने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। एसडीएम अंकित कुमार की अध्यक्षता में लघु सचिवालय में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया और कार्यक्रम की रूपरेखा तय की। एसडीएम ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है और यह केवल शारीरिक नहीं बल्कि मानसिक स्वास्थ्य के लिए भी जरूरी है। सभी विभागों को समय सीमा के भीतर तैयारी पूरी करने के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम स्थल पर पेयजल, बिजली, बैठने की व्यवस्था और साउंड सिस्टम की समीक्षा की गई। एसडीएम ने अधिकारियों को सरपंचों, पंचों और जनप्रतिनिधियों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा। स्वच्छता के लिए पर्याप्त डस्टबिन रखने और मंच निर्माण के लिए पीडब्ल्यूडी से एनओसी लेने के निर्देश दिए। जनसंपर्क विभाग को प्रचार-प्रसार और साउंड सिस्टम की जिम्मेदारी सौंपी गई। एसडीएम ने आमजन से 21 जून को बड़ी संख्या में योग दिवस कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की। यह आयोजन लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करेगा।
Source: Source