छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में एसईसीएल कर्मचारी की जान चली गई। हादसा अंबिकापुर-मनेंद्रगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर शनिवार रात हुआ। यह दुर्घटना ग्राम पंचायत तेलईकछार-शशिपुर के पास हुई। बताया गया कि सड़क पर अंधेरे में एक ट्रक बिना पार्किंग लाइट और किसी चेतावनी संकेत के खड़ा था। पीछे से आ रही बाइक सीधे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार के सिर में गंभीर चोट आई। घटनास्थल पर काफी खून फैल गया। राहगीरों ने घायल को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिश्रामपुर पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक एसईसीएल में कार्यरत कॉलरीकर्मी था। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Source: Source