मोहाली की रियल एस्टेट कंपनी सुषमा बिल्डटेक लिमिटेड एक नए विवाद में फंस गई है। लुधियाना में दर्ज 3.85 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी के मामले में डायरेक्टर प्रतीक मित्तल से पुलिस ने पूछताछ की। पुलिस ने अभी तक उनकी गिरफ्तारी या हिरासत की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। यह मामला उद्योगपति दविंदर सिंह बेदी की शिकायत पर थाना फोकल प्वाइंट में दर्ज किया गया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि ब्याज पर दी गई करोड़ों रुपये की रकम वापस नहीं की गई और चेक भी बाउंस हो गए। कंपनी की ओर से रकम के बदले दिए गए फ्लैट आवंटन को लेकर भी विवाद सामने आया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पूछताछ की खबर के बाद कई राज्यों के निवेशकों में अपनी फंसी रकम वापस मिलने की उम्मीद बढ़ी है। पुलिस ने कहा है कि जांच उपलब्ध सबूतों के आधार पर निष्पक्ष तरीके से की जा रही है। कंपनी से जुड़े अन्य मामलों की भी जांच जारी है, जिनमें बठिंडा और जीरकपुर की परियोजनाएं शामिल हैं। जांच पूरी होने के बाद कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source: Source