सुकमा जिले में पुलिस और प्रशासन ने तंबाकू की अवैध बिक्री और सार्वजनिक स्थानों पर सेवन के खिलाफ अभियान चलाया। कोटपा एक्ट के तहत जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में 197 मामले दर्ज किए गए। कार्रवाई के दौरान लोगों से जुर्माना भी वसूला गया। अभियान एसपी मयंक गुर्जर के निर्देश पर चलाया गया। एएसपी रोहित शाह और मनोज तिर्की के मार्गदर्शन में पुलिस टीमों ने कार्रवाई की। थाना पुलिस ने स्वास्थ्य विभाग और कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की टीम के साथ मिलकर जांच की। कोंटा में सबसे अधिक 63 मामले दर्ज किए गए। सुकमा में 51, छिंदगढ़ में 21, गादीरास में 19, तोंगपाल में 20, दोरनापाल में 20 और चिंतागुफा में 3 मामलों में कार्रवाई हुई। सुकमा में स्कूल-कॉलेज के आसपास तंबाकू बेचने वाली दुकानों और ठेलों की भी जांच की गई। छह दुकानों और ठेलों से करीब 25 हजार रुपये के तंबाकू उत्पाद जब्त किए गए। सुकमा थाना क्षेत्र के 51 मामलों में 5,100 रुपये का जुर्माना वसूला गया। पुलिस ने दुकानदारों और लोगों से शिक्षण संस्थानों के आसपास तंबाकू नहीं बेचने और सार्वजनिक जगहों पर इसका सेवन नहीं करने की अपील की। पुलिस ने युवाओं को नशे से दूर रखने और तंबाकू के नुकसान के प्रति जागरूक रहने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि कोटपा एक्ट के उल्लंघन और नशे के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
Source: Source