हरियाणा के रोहतक जिले के सांपला कस्बे में करीब एक घंटे की तेज बारिश के बाद कई क्षेत्रों में जलभराव हो गया। कई इलाकों में दो-दो फुट तक पानी भर जाने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। खरखौदा रोड और गिझी रोड सबसे अधिक प्रभावित रहे। जल निकासी नहीं होने से सड़कें तालाब जैसी दिखाई देने लगीं। पानी भरने के कारण वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हुई। स्थानीय लोगों ने नगर पालिका की नालों की सफाई व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि सफाई का काम मुख्य बाजार तक ही सीमित रहा, जबकि अन्य क्षेत्रों की अनदेखी की गई। दुकानदारों का कहना है कि इस इलाके की जल निकासी व्यवस्था लंबे समय से खराब है। कई बार शिकायत करने के बावजूद स्थायी समाधान नहीं किया गया। नागरिकों ने प्रशासन से सभी नालों की तत्काल सफाई और जल निकासी व्यवस्था में सुधार की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति से बचा जा सके।
Source: Source