मानसा में तैनात महिला पुलिस इंस्पेक्टर बेअंत कौर की एक दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। वह महिला सेल की इंचार्ज के रूप में कार्यरत थीं। ड्यूटी समाप्त करने के बाद वह अपने घर लौट रही थीं। रास्ते में मौड़ के पास उनकी कार की किसी वाहन से टक्कर हो गई। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। हादसा इतना गंभीर था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक अधिकारी बठिंडा जिले के गांव मैसर खाना की रहने वाली थीं। उनके परिवार में पति और दो छोटे बच्चे हैं। घटना के बाद सोशल मीडिया पर उनकी मौत से जुड़ी खबरें तेजी से वायरल होने लगीं। नाम समान होने के कारण तलवंडी साबो में तैनात दूसरी इंस्पेक्टर बेअंत कौर को लेकर भी गलत जानकारी फैल गई। अफवाहों के चलते लोगों में भ्रम की स्थिति पैदा हो गई। इसके बाद तलवंडी साबो की इंस्पेक्टर ने वीडियो जारी कर बताया कि वह सुरक्षित और जीवित हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि हादसे में जान गंवाने वाली अधिकारी कोई और थीं। साथ ही लोगों से अपुष्ट खबरों और अफवाहों पर भरोसा न करने की अपील की। हादसे में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके कई हिस्से बुरी तरह टूट गए।
Source: Source