संगरूर जिले के गांव तूर वणजारा निवासी गुलजार सिंह की कथित आत्महत्या के मामले में कांग्रेस ने मानसा में पंजाब सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। पंजाब कांग्रेस के आह्वान पर आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने मामले के मुख्य आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग उठाई। जिला अध्यक्ष कुलवंत सिंगला सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने धरने में हिस्सा लिया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रोष मार्च निकालकर डीसी कार्यालय का रुख किया। कार्यालय के गेट पर पहुंचकर कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि गुलजार सिंह ने अपने बेटे को नशे की लत से बचाने के लिए सरकारी प्रतिनिधियों से सवाल किए थे। आरोप है कि इसके बाद उन्हें डराया-धमकाया गया और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। कांग्रेस के अनुसार, मानसिक परेशानी से तंग आकर गुलजार सिंह ने सल्फास खाकर आत्महत्या कर ली। नेताओं ने बताया कि गुलजार सिंह ने मृत्यु से पहले एक वीडियो रिकॉर्ड किया था। कथित वीडियो में उन्होंने प्रताड़ित करने वाले सरकारी प्रतिनिधियों और अन्य लोगों के नाम बताए थे। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि सरकार दोषियों को बचा रही है और असली आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं की गई। नेताओं ने चेतावनी दी कि जल्द न्याय नहीं मिलने पर पूरे पंजाब में आंदोलन तेज किया जाएगा।
Source: Source