हरियाणा सरकार के दो साल पूरे होने पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सरकार की उपलब्धियां साझा कीं। उन्होंने कहा कि सरकार जनता से मिले समर्थन और विश्वास को आगे बढ़ाने के लिए काम कर रही है। मुख्यमंत्री हाल ही में स्वीडन के तीन दिवसीय दौरे से लौटे हैं। उन्होंने बताया कि इस यात्रा का उद्देश्य हरियाणा में विदेशी निवेश आकर्षित करना और आधुनिक तकनीक लाना था। स्वीडन में प्रमुख कंपनियों और विभिन्न हितधारकों के साथ बैठकें की गईं। मुख्यमंत्री के अनुसार, स्वीडन में करीब 4,000 करोड़ रुपये के निवेश पर सहमति बनी है। इससे राज्य में 11 हजार से अधिक रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है। इससे पहले सिंगापुर दौरे के दौरान भी 5,500 करोड़ रुपये के निवेश पर सहमति बनी थी। दोनों देशों के निवेश प्रस्तावों को मिलाकर कुल 9,500 करोड़ रुपये के निवेश की बात कही गई है। मुख्यमंत्री ने स्वीडन और सिंगापुर के प्रतिनिधियों को वर्ष 2027 में आयोजित होने वाले ‘हैपनिंग हरियाणा’ वैश्विक निवेश सम्मेलन में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया। सरकार को उम्मीद है कि इन निवेश प्रस्तावों से राज्य में औद्योगिक गतिविधियों और रोजगार को बढ़ावा मिलेगा।
Source: Source