छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के शिवरीनारायण में गुरुवार रात दुर्गा उत्सव मेले के दौरान चाकूबाजी की घटना हुई। इस हमले में क्रेमराज यादव और करण यादव घायल हो गए। क्रेमराज के सिर पर गंभीर चोट आई है। दोनों घायलों का एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। जानकारी के मुताबिक, ग्राम खपरीडीह निवासी क्रेमराज अपने दोस्त करण के साथ मेला घूमने आया था। इसी दौरान उनकी कुछ युवकों से कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद के बीच एक युवक ने जेब में रखे चाकू जैसे हथियार से दोनों पर हमला कर दिया। घटना के बाद मेले में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर शिवरीनारायण पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। मामले में पुलिस ने चार संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ कर घटना की जानकारी जुटाई जा रही है। शुरुआती जांच में विवाद की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले में रिपोर्ट दर्ज करने की कार्रवाई कर रही है। जांच पूरी होने के बाद हमले के कारण और आरोपियों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।
Source: Source