छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के भड़ेसर गांव में 26 वर्षीय युवक का शव घर के कमरे में रोशनदान से लटका मिला। मृतक की पहचान ओमप्रकाश यादव के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवक ने नायलॉन की रस्सी का इस्तेमाल किया था। घटना पामगढ़ थाना क्षेत्र की है। ओमप्रकाश कामकाज के सिलसिले में गांव से बाहर गया हुआ था और गुरुवार को ही घर लौटा था। घटना वाली रात गांव में बिजली नहीं थी। मृतक के पिता के मुताबिक, वह रात करीब आठ बजे घर से बाहर गए थे। लौटने पर ओमप्रकाश दिखाई नहीं दिया, जिसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी देर तक पता नहीं चलने पर परिजन उसके कमरे में पहुंचे। वहां टॉर्च की रोशनी में उसका शव रोशनदान से लटका मिला। परिजनों ने घटना की सूचना पामगढ़ पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। फिलहाल मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।
Source: Source