बिलासपुर में शिक्षा विभाग के रिटायर्ड अकाउंटेंट ऑनलाइन ठगी का शिकार हो गए। साइबर ठगों ने उनका मोबाइल हैक कर बैंक खाते से करीब ₹1.40 लाख निकाल लिए। पीड़ित जनार्दन प्रसाद की उम्र 64 वर्ष है और वे कपिल नगर के निवासी हैं। 3 सितंबर को उनके व्हाट्सऐप पर एक अनजान नंबर से शादी का निमंत्रण कार्ड भेजा गया। यह निमंत्रण कार्ड एक APK फाइल के रूप में था। उन्होंने इसे किसी परिचित का निमंत्रण समझकर फाइल पर क्लिक कर दिया। फाइल खोलते ही उनका मोबाइल हैंग होने लगा और उसमें तकनीकी समस्या आने लगी। बाद में मोबाइल की जांच कराने पर पता चला कि डिवाइस हैक हो चुका था। इसके बाद साइबर ठगों ने उनके बैंक खाते से करीब ₹1.40 लाख निकाल लिए। पैसे निकलने की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। मामला बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस साइबर ठगी के इस मामले में आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। अनजान नंबर से आने वाली APK फाइलों और संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचना जरूरी है।
Source: Source