डिजिटल युग में ऑनलाइन धोखाधड़ी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं और साइबर ठग लोगों को फंसाने के लिए रोज नए-नए तरीके अपना रहे हैं। इन दिनों व्हाट्सएप पर एक नया और खतरनाक स्कैम सामने आया है, जिसमें एक छोटी सी लापरवाही आपकी जीवनभर की मेहनत की कमाई को पलभर में साफ कर सकती है। साइबर ठग लोगों के बैंक खातों से अनाधिकृत रूप से पैसे कटने या संदिग्ध लेनदेन से जुड़े फर्जी मैसेज व्हाट्सएप पर भेजकर उन्हें भ्रमित करते हैं। जब कोई यूजर घबराकर या अनजाने में इस तरह के संदेशों का जवाब ‘NO’ (नहीं) लिखकर देता है, तो ठग उनके बैंक खातों तक पहुंच बनाने का रास्ता साफ कर लेते हैं। इस गंभीर खतरे को देखते हुए हैदराबाद पुलिस और साइबर सेल ने आम जनता के लिए एक विशेष चेतावनी जारी की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस प्रकार के अनजान या संदिग्ध संदेशों पर किसी भी प्रकार की प्रतिक्रिया देने से बचना चाहिए। यदि किसी को भी बैंक से संबंधित कोई संदेश प्राप्त होता है, तो उसकी सत्यता की जांच सीधे बैंक की आधिकारिक ऐप या कस्टमर केयर के जरिए करनी चाहिए। इस तरह की ऑनलाइन ठगी से बचने के लिए लोगों को सतर्क रहने और किसी भी अनजान लिंक या मैसेज का जवाब न देने की सख्त सलाह दी गई है।
Source: Source