छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट के बाहर ठेका श्रमिकों ने रोजगार बहाली की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन शुरू किया है। करीब 70 श्रमिक प्लांट के मुख्य गेट पर धरना दे रहे हैं। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि बॉयलर हादसे के बाद बिना किसी पूर्व सूचना के 200 से अधिक कर्मचारियों को नौकरी से हटा दिया गया। इस फैसले से कई परिवारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। श्रमिकों ने कहा कि वे लंबे समय से प्लांट में कार्यरत थे और अचानक हटाए जाने से उनकी आजीविका प्रभावित हुई है। उन्होंने प्रबंधन से तत्काल नौकरी बहाली और उचित मुआवजे की मांग की है। श्रमिकों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द ध्यान नहीं दिया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। प्रशासन और प्रबंधन की ओर से बातचीत की संभावना पर नजर रखी जा रही है।
Source: Source