लुधियाना के किदवई नगर स्थित नए स्कूल ऑफ एमिनेंस भवन में शिफ्टिंग प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी है। आधुनिक सुविधाओं से लैस नए परिसर में फिलहाल केवल करीब 150 छात्रों की कक्षाएं संचालित हो रही हैं। बाकी छात्र अब भी पुराने डिवीजन नंबर-3 स्कूल में पढ़ाई करने को मजबूर हैं। नए भवन में अभी कक्षा 11 और 12 की मेडिकल, नॉन-मेडिकल और कॉमर्स स्ट्रीम की कक्षाएं चल रही हैं। वहीं ह्यूमैनिटीज समेत कई अन्य कक्षाओं के छात्र पुराने परिसर में ही हैं। पुराने स्कूल में करीब 15 कमरों में लगभग 500 छात्रों को बैठाया जा रहा है, जिससे जगह की समस्या बनी हुई है। छात्रों और अभिभावकों ने सवाल उठाया है कि पूरे स्कूल को नए भवन में कब तक स्थानांतरित किया जाएगा। शिक्षकों के अनुसार आंशिक शिफ्टिंग से अभिभावकों में भ्रम की स्थिति पैदा हो रही है। नए परिसर में आधुनिक लैब, स्मार्ट पैनल और मिड-डे मील हॉल जैसी सुविधाएं मौजूद हैं, लेकिन कई कक्षाएं अभी खाली पड़ी हैं। जिला स्कूल ऑफ एमिनेंस प्रभारी ने बताया कि सभी कक्षाओं को चरणबद्ध तरीके से नए भवन में स्थानांतरित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जरूरी उपकरणों की शिफ्टिंग शुरू कर दी गई है और जल्द ही बाकी कक्षाएं भी नए परिसर में संचालित होंगी।
Source: Source