लुधियाना के सराफा बाजार में सोना दोगुना करने का लालच देकर ठगी करने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। एस.के. ज्वेलर्स में कार्यरत एक कारीगर को ठगों ने अपनी बातों में फंसाकर अपना शिकार बनाया। घटना 11 जून 2026 की है, जब कारीगर का सहायक 6 सोने की अंगूठियां धुलाई के लिए लेकर जा रहा था। रास्ते में दो अज्ञात व्यक्तियों ने युवक को रोककर सोना और पैसा दोगुना करने का प्रलोभन दिया। ठगों की चिकनी-चुपड़ी बातों में आकर युवक ने उन्हें अंगूठियां सौंप दीं, जिसके बाद आरोपी रफूचक्कर हो गए। जब काफी देर तक आरोपी वापस नहीं लौटे, तो युवक को ठगी का अहसास हुआ। मामले की तुरंत सूचना स्थानीय थाना डिवीजन नंबर 4 की पुलिस को दी गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल, पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान में जुटी है। इस घटना से सराफा बाजार में हड़कंप मच गया है और व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता है।
Source: Source