लुधियाना के पॉश इलाके ऋषि नगर में 12-15 हथियारबंद बदमाशों ने एक घर में घुसकर बाप-बेटे पर बर्बर हमला कर दिया। इस घटना का सबसे हैरान करने वाला पहलू यह है कि हमलावर जेल में बंद गैंगस्टर के साथ व्हाट्सएप वीडियो कॉल के जरिए ‘लाइव’ जुड़े हुए थे। गैंगस्टर जेल के अंदर से ही अपने गुर्गों को लगातार निर्देश दे रहा था। इस हमले में राहुल नाम का युवक गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहा है। पीड़ित ने बताया कि बदमाश दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे और पिस्तौल की बट व तेजधार हथियारों से उन पर ताबड़तोड़ वार किए। बचाव में आए पिता पर भी बदमाशों ने पिस्तौल तान दी और जाते समय दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग की। राहुल के अनुसार, यह वारदात सोशल मीडिया पर हुई बहस और पुरानी रंजिश का नतीजा है। हमलावरों में युवराज सिद्धू, विशाल सिद्धू, तनिश और सैम जैसे नाम सामने आए हैं। घटना का CCTV फुटेज भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें बदमाशों की क्रूरता साफ दिख रही है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है और जेल के अंदर फोन पहुंचने के नेटवर्क को खंगाल रही है। पीड़ित के बयानों और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपियों की धरपकड़ में जुटी है।
Source: Source