जून के तीसरे सप्ताह में लुधियानावासियों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली है। पिछले एक सप्ताह से शहर का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.0 डिग्री कम है। हवा में नमी का स्तर कम रहने के कारण उमस में कमी आई, जिससे लोगों को काफी सुकून महसूस हुआ। मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। पंजाब से लेकर बिहार तक बने मौसमी सिस्टम और हरियाणा के ऊपर सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण के कारण 16 से 22 जून के बीच बारिश के अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं। विशेष रूप से 18 जून से शहर में अच्छी बारिश की उम्मीद है। वहीं, 17 और 19 से 22 जून के दौरान गरज-चमक के साथ बिजली कड़कने के भी आसार जताए गए हैं। शाम के समय चलने वाली ठंडी हवाओं ने मौसम को खुशनुमा बनाए रखा है। मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पॉल ने बताया कि यह स्थिति फिलहाल गर्मी के प्रकोप से राहत दिलाने वाली है। लोग अब मानसून की बारिश का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
Source: Source