लुधियाना के बुल्लेपुर गांव (खन्ना) में काउंटर इंटेलिजेंस की टीम की एक कार्रवाई के दौरान नाटकीय स्थिति उत्पन्न हो गई। रेड की सूचना मिलते ही एक युवक अपने किराए के मकान की छत पर चढ़ गया और करीब दो घंटे तक नीचे उतरने से इनकार करता रहा। इस दौरान उसने सोशल मीडिया पर वीडियो बनाकर पुलिस द्वारा एनकाउंटर किए जाने की आशंका जताई, जिससे मामला काफी संवेदनशील हो गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय खन्ना पुलिस को भी मौके पर बुलाना पड़ा। डीएसपी मोहित सिंगला ने बताया कि पुलिस अधिकारियों ने युवक से धैर्यपूर्वक बातचीत की और उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया। फिलहाल युवक को हिरासत में ले लिया गया है और उससे पूछताछ जारी है। पुलिस ने अभी यह खुलासा नहीं किया है कि युवक के खिलाफ किस इनपुट के आधार पर वेरिफिकेशन की जा रही थी। मामले की जांच चल रही है और आगे की कार्रवाई तथ्यों के आधार पर की जाएगी।
Source: Source