हरियाणा के रोहतक की कबीर कॉलोनी में महज 1700 रुपये के विवाद में 27 वर्षीय युवक रिहान उर्फ कालू की हत्या कर दी गई। यह घटना 4 अक्टूबर को हुई थी। मृतक मुमताज का बेटा था और कबीर कॉलोनी का निवासी था। पुलिस के अनुसार, किराना दुकान से उधार लिए सामान के 1700 रुपये को लेकर उसका कुछ लोगों से विवाद हुआ था। मृतक के परिजनों ने बताया कि कालू स्कूटी से परचून की दुकान पर सामान लेने गया था। रास्ते में चार-पांच लोगों ने उसे घेर लिया और बकाया रकम मांगने लगे। कालू ने एक-दो दिन में पैसे देने की बात कही, लेकिन विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसी दौरान एक व्यक्ति मुर्गा काटने वाली दुकान से चाकू लेकर आया। इसके बाद कालू पर चाकू से हमला किया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। परिजनों ने आरिफ, सलीम मार्चरी, आशीष और कालू नाम के व्यक्तियों पर हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने यह भी बताया कि घटना से एक रात पहले भी विवाद हुआ था और कालू पर हमला करने की कोशिश की गई थी। पुलिस ने इस मामले में फारुक पुत्र सलीम को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया हथियार बरामद किया गया है। सिटी थाना के जांच अधिकारी एसआई संदीप कुमार ने गिरफ्तारी और हथियार बरामद होने की पुष्टि की है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है।
Source: Source