रोहतक स्थित अटल क्षेत्रीय नेत्र विज्ञान संस्थान (RIO) को नेत्र शल्य चिकित्सकों के प्रशिक्षण केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में समीक्षा की गई। राष्ट्रीय अंधता एवं दृष्टि क्षीणता नियंत्रण कार्यक्रम के तहत एक केंद्रीय मूल्यांकन टीम ने पीजीआईएमएस रोहतक का दौरा किया। टीम ने संस्थान के आधारभूत ढांचे, प्रशिक्षित मानव संसाधन, उपकरणों और प्रशिक्षण सुविधाओं का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्रशिक्षण की गुणवत्ता और कार्यप्रणाली पर विशेष ध्यान दिया गया। टीम ने उपलब्ध संसाधनों और व्यवस्थाओं की स्थिति की समीक्षा करते हुए सुधार की आवश्यकता वाले क्षेत्रों को भी चिन्हित किया। संस्थान के निदेशक एसके सिंघल ने बताया कि केंद्रीय सुझावों के अनुसार व्यवस्थाओं को और मजबूत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विभाग को समन्वय के साथ आवश्यक सुधार लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। टीम ने पूर्व में आवंटित धनराशि के समयबद्ध उपयोग पर भी जोर दिया। अधिकारियों के अनुसार संस्थान में पर्याप्त ऑपरेशन थिएटर, आधुनिक उपकरण और अनुभवी फैकल्टी उपलब्ध हैं। यहां मोतियाबिंद, ग्लूकोमा और रेटिना सर्जरी का व्यावहारिक प्रशिक्षण पहले से ही जारी है।
Source: Source