कैथल के सिविल अस्पताल में शनिवार को एक सराहनीय दृश्य देखने को मिला, जब एक हरियाणा रोडवेज बस ड्राइवर ने मानवता का परिचय देते हुए घायल भाई-बहन की जान बचाई। दिल्ली से कैथल आ रही बस के रास्ते में एक बाइक सवार भाई-बहन का एक्सीडेंट हो गया था। हादसे को देखते ही ड्राइवर और कंडक्टर ने बिना देरी किए बस रोकी और घायलों को तुरंत सवारियों से भरी बस में ही कैथल के सिविल अस्पताल पहुंचाया। बस को सीधे अस्पताल परिसर में दाखिल होते देख स्टाफ भी हैरान रह गया, लेकिन स्थिति समझते ही तुरंत घायलों को इमरजेंसी वार्ड में भर्ती किया गया। ड्राइवर राजेंद्र सिंह की इस सूझबूझ के चलते समय पर इलाज मिलने से दोनों भाई-बहन की जान बच गई। फिलहाल दोनों खतरे से बाहर हैं और उनकी स्थिति में सुधार हो रहा है। अस्पताल प्रशासन और मौजूद लोगों ने ड्राइवर व कंडक्टर के इस मानवीय कार्य की जमकर सराहना की है। ड्राइवर ने अन्य युवाओं से वाहन चलाते समय सावधानी बरतने की अपील भी की है।
Source: Source