रेवाड़ी में भाजपा नेता के भतीजे जितेंद्र यादव की हत्या के आरोपी ठेकेदार प्रवीण उर्फ पपला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के साथी अमन को भी हिरासत में लिया गया है। जितेंद्र की हत्या सात सितंबर की शाम कमालपुर-भाड़ावास रोड पर हिंदुस्तान पेट्रोलियम डिपो के पास हुई थी। आरोप है कि प्रवीण ने अपने करीबी दोस्त जितेंद्र के सिर पर हमला किया था। CCTV फुटेज में आरोपी को जितेंद्र पर हमला करते हुए देखा गया था। गिरने के बाद भी जितेंद्र पर तीन बार वार किए जाने की बात सामने आई थी। हत्या के बाद प्रवीण फरार था और पुलिस से बचने के लिए बार-बार अपनी मोबाइल लोकेशन बदल रहा था। आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से ग्रामीणों और मृतक के परिजनों में नाराजगी थी। पुलिस ने मृतक के चाचा और भाजपा नेता उत्तम सिंह की शिकायत पर प्रवीण समेत एक अन्य आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया था। हत्या के पांच दिन बाद भी वारदात के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई थी। परिवार ने पैसे के लेन-देन को संभावित कारण बताया था, जबकि कुछ लोगों ने मामले को महिला से जुड़े विवाद से जोड़कर देखा। प्रवीण पर अपनी पत्नी के साथ मारपीट करने का आरोप भी सामने आया था। पुलिस ने अब दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद मामले की जांच आगे बढ़ा दी है और हत्या के कारणों को स्पष्ट करने के लिए पूछताछ की जा रही है।
Source: Source