रेवाड़ी में भाजपा नेता के भतीजे जितेंद्र यादव की हत्या के आरोपी ठेकेदार प्रवीण उर्फ पपला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के साथी अमन के भी पुलिस की गिरफ्त में आने की सूचना है। 40 वर्षीय जितेंद्र की हत्या सोमवार शाम सिर पर हमला करके की गई थी। हत्या के समय प्रवीण के साथ एक अन्य युवक भी मौजूद था। घटना के बाद आरोपी फरार था और पुलिस से बचने के लिए लगातार फोन की लोकेशन बदल रहा था। आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से ग्रामीणों और परिजनों में रोष बढ़ रहा था। पुलिस ने मृतक के चाचा और भाजपा नेता उत्तम सिंह की शिकायत पर प्रवीण को नामजद किया था। मामले में एक अन्य आरोपी के खिलाफ भी केस दर्ज किया गया था। हत्या का कारण पांच दिन बाद भी स्पष्ट नहीं हो पाया था। परिवार ने पैसे के लेन-देन को हत्या की वजह बताया था। वहीं कुछ लोगों ने मामले को महिला से जुड़े विवाद से जोड़कर देखा था। प्रवीण पर हत्या से दो दिन पहले अपनी पत्नी पर हमला करने का आरोप भी लगाया गया था। पुलिस के अनुसार मामले की जानकारी एएसपी दीपिका अग्रवाल की पत्रकार वार्ता में दी जाएगी। घटना से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था, जिसमें जितेंद्र पर हमला करते हुए आरोपी दिखाई दे रहा है। पुलिस ने मामले की जांच के साथ आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है।
Source: Source