रेवाड़ी के धारूहेड़ा में निर्माणाधीन आधुनिक बस स्टैंड की राह में बाधा बने अवैध कब्जों को लेकर प्रशासन सख्त हो गया है। रोडवेज जीएम निरंजन शर्मा ने सरकारी जमीन पर कब्जा जमाए बैठे लोगों को अंतिम नोटिस जारी करते हुए 7 दिन के भीतर जगह खाली करने का निर्देश दिया है। धारूहेड़ा में 12 करोड़ रुपये की लागत से 6 एकड़ भूमि पर नए बस स्टैंड का निर्माण किया जा रहा है, जिसमें से 4.5 एकड़ क्षेत्र में भवन और बूथ बनाए जाएंगे। इस जमीन पर करीब 15 लोगों ने अवैध रूप से मकान बना रखे हैं, जिन्हें हटाने के लिए विभाग पहले भी दो बार नोटिस दे चुका है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित समय सीमा में कब्जा नहीं हटाया गया, तो प्रशासन स्वयं इसे हटाएगा और सारा खर्च संबंधित कब्जाधारियों से वसूला जाएगा। साथ ही, नियमानुसार उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी। पुराना बस स्टैंड कंडम होने के कारण करीब 5 साल पहले तोड़ दिया गया था, जिसके बाद से ही नए अत्याधुनिक बस टर्मिनल की मांग की जा रही थी। अब निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए प्रशासन ने इन अवैध कब्जों को हटाना प्राथमिकता बना लिया है। शेष बची जमीन पर पार्क और अन्य सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिससे स्थानीय लोगों और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
Source: Source