रायपुर में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला है। विधानसभा थाना क्षेत्र के सड्डू स्कूल के पास सड़क हादसे में 15 वर्षीय किशोर की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि छात्र स्कूल जा रहा था तभी एक पानी टैंकर ने उसे कुचल दिया। हादसा इतना भयावह था कि किशोर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और आक्रोश का माहौल बन गया। दुर्घटना के बाद टैंकर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों ने तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण की मांग उठाई है। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुट गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। प्रारंभिक जांच में लापरवाही और तेज रफ्तार को हादसे का कारण माना जा रहा है। इस घटना ने सड़क सुरक्षा और स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Source: Source