छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर की गुढ़ियारी थाना पुलिस ने नशे के काले कारोबार के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने प्रतिबंधित नशीली कफ सिरप की तस्करी करने वाले एक शातिर युवक को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में यानी 249 शीशी (कुल 25 लीटर) प्रतिबंधित कोडीनयुक्त कफ सिरप और वारदात में इस्तेमाल एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। पुलिस द्वारा जब्त किए गए इस अवैध माल और मोबाइल की कुल बाजार कीमत करीब 1.40 लाख रुपए आंकी गई है।
पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर के कड़े निर्देश और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम व सहायक पुलिस आयुक्त पूर्णिमा लामा के कुशल मार्गदर्शन में गुढ़ियारी पुलिस की टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस को पुख्ता मुखबिर से सूचना मिली थी कि गुढ़ियारी थाना क्षेत्र के झाबक पेट्रोल पंप के पास एक युवक बैग में प्रतिबंधित नशीली सिरप लेकर उसे बेचने के लिए ग्राहक की तलाश में मंडरा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर संदिग्ध को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अनिल कुमार साहू (33 वर्ष), निवासी मंगलवाड़ा, चरौदा (जिला दुर्ग) बताया।
कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपी ने कबूला कि वह यह नशीली सिरप महाराष्ट्र के औरंगाबाद से लाकर रायपुर और भिलाई के इलाकों में ऊंचे दामों पर बेचता था। वह पहले भी तीन खेप यहां खपा चुका था और यह उसकी चौथी खेप थी, जिसे बेचने से पहले ही वह पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है। अब पुलिस इस पूरे ड्रग सिंडिकेट के बैकएंड और फॉरवर्ड लिंकेज को खंगाल रही है ताकि औरंगाबाद से लेकर छत्तीसगढ़ तक जुड़े इसके पूरे नेटवर्क और मुख्य सप्लायरों का भंडाफोड़ किया जा सके।
Source: Source