छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक बार फिर हाथी शावक की मौत हो गई है। ग्रामीणों ने खरसिया वन परिक्षेत्र के गुर्दा-देहजरी के बीच मांड नदी में लगभग 3-5 माह के शावक का शव देखा। प्रारंभिक जांच में डूबने से मौत की आशंका जताई जा रही है। यह 25 दिनों में जिले में शावकों की चौथी मौत है। इससे पहले 8 मई को धर्मजयगढ़ वन मंडल के घोघरा डेम में, 11 मई को तरकेला गांव के डैम में दलदल फंसने से, और 24 मई को आमागुड़ा-पुसल्दा के तालाब में एक-एक शावक की जान गई थी। पिछली घटना में एक हथिनी अपने मृत बच्चे को सूंड से उठाने की कोशिश करती दिखी थी, जिसका वीडियो वायरल हुआ था। वन विभाग ने शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। डीएफओ अरविंद पीएम ने कहा कि मौत के सही कारण जांच रिपोर्ट के बाद पता चलेंगे। लगातार हो रही मौतों ने वन्यजीव संरक्षण पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Source: Source