हरियाणा के नारनौल में बावड़ीपुर मोहल्ले की करीब 25 महिलाओं ने एक साल से चली आ रही पेयजल संकट के खिलाफ जनस्वास्थ्य कार्यालय में मटका फोड़ प्रदर्शन किया। महिलाएं पानी की नियमित आपूर्ति की मांग को लेकर कार्यालय पहुंचीं और धरने पर बैठ गईं। उन्होंने खाली मटके फोड़कर विभाग के प्रति रोष जताया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि गर्मी में कई दिनों तक पानी की सप्लाई बंद रहने से परिवारों को भारी परेशानी होती है। पूर्व पार्षद बनवारी सैनी के नेतृत्व में महिलाओं ने पहले कई बार शिकायत की थी, लेकिन कोई स्थायी समाधान नहीं हुआ। सूचना मिलने पर एसडीओ मुकेश और जेई नरेश कुमार मौके पर पहुंचे और महिलाओं की समस्याएं सुनीं। अधिकारी उनके साथ बावड़ीपुर गए और मौका-मुआयना किया। उन्होंने उसी दिन समस्या हल करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद धरना समाप्त किया गया।
Source: Source