हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने रामपुर अस्पताल पहुंचकर बस हादसे में घायल यात्रियों का हालचाल जाना। उन्होंने डॉक्टरों से उपचार की जानकारी लेकर सभी घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और इलाज में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। हादसे में घायल लोगों के परिजनों ने पुरानी बसों की जगह नई और सुरक्षित बसें उपलब्ध कराने की मांग उठाई। मंत्री ने इस मांग पर मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री से चर्चा करने का आश्वासन दिया। उन्होंने रामपुर क्षेत्र के लिए इलेक्ट्रिक बसों की व्यवस्था का मुद्दा भी संबंधित विभाग के समक्ष उठाने की बात कही। विक्रमादित्य सिंह ने दुर्घटना में जान गंवाने वाले तीन लोगों के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की और दिवंगतों की आत्मा की शांति की कामना की। 15 जुलाई को हुई इस बस दुर्घटना में 24 यात्री सवार थे, जिनमें तीन की मौत हुई थी। अन्य घायलों का उपचार महात्मा गांधी सेवा चिकित्सालय, रामपुर में जारी है।
Source: Source