भास्कर न्यूज | जालंधर आईपीएल में मुंबई इंडियंस की ओर से खेल का जौहर दिखाकर लौटे जालंधर के होनहार क्रिकेटर क्रिश भगत और रघु शर्मा का घर पहुंचने पर स्वागत किया गया। आदमपुर एयरपोर्ट पर रघु शर्मा का बाजे-गाजे के साथ प्रशंसकों ने स्वागत किया, वहीं कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने क्रिश भगत की लगन की सराहना करते हुए इसे युवाओं के लिए प्रेरणा बताया। बता दें कि जालंधर से हरभजन सिंह और राहुल शर्मा भी अपने प्रदर्शन से देशवासियों को प्रभावित कर चुके हैं। दोनों इस वक्त आईपीएल एक्सपर्ट पेनल में काम कर रहे हैं। उम्मीद है कि आगामी सीजन में हरनूर पन्नू भी आईपीएल खेलते दिखें। क्रिश भगत बतौर रिप्लेसमेंट खिलाड़ी मुंबई से जुड़े। उन्होंने इस सीजन में कुल 3 मैच खेले, जिसमें 2 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने 10 रन बनाए और उनका उच्चतम स्कोर 7 रन रहा। वहीं गेंदबाजी में उन्होंने 3 पारियों के दौरान 6 ओवर फेंके, जिसमें बिना कोई विकेट लिए उन्होंने 63 रन दिए। उनके शहर लौटने पर पंजाब के बागवानी मंत्री मोहिंदर भगत, जो उनके ताया है, ने उनका परिवार के साथ स्वागत किया। यहां चूनी लाल भगत, अश्वनी भगत, मन्नू भगत, अतुल भगत, चंदन भगत, वरुण भगत, सुमेश, ईशा भगत, प्रगति भगत, जागृति भगत और लक्ष्य भगत भी मौजूद रहे। लेग स्पिनर रघु शर्मा ने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ अपना आईपीएल डेब्यू किया। रघु ने इस सीजन में कुल 5 मैच खेले और 4 पारियों में गेंदबाजी करते हुए 12 ओवरों में 105 रन देकर 1 विकेट हासिल किया। लखनऊ सुपर जाइंट्स के खिलाफ 36 रन देकर 1 विकेट लेना उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा और उनका इकोनॉमी रेट 8.75 का रहा। सोमवार को उनका आदमपुर एयरपोर्ट पर प्रशंसकों और परिवार के सदस्यों की मौजूदगी में स्वागत कार्यक्रम हुआ। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण की ओर से सूरज यादव, मैनेजर (इलेक्ट्रिकल) और सूर्य प्रताप सिंह ने क्रिकेटर रघु शर्मा का स्वागत किया। इसके बाद रघु शर्मा ने आदमपुर एयरपोर्ट का भ्रमण किया और एयरपोर्ट की व्यवस्थाओं तथा स्टाफ की सराहना की। उन्होंने बताया कि उन्होंने पहली बार इस एयरपोर्ट से यात्रा की है। लोगों ने फूलों की माला पहनाकर और बाजे-गाजे के साथ रघु शर्मा का स्वागत किया।
Source: Source