राजपुर वन विभाग की टीम ने देर रात गश्त के दौरान अवैध लकड़ी तस्करी के नेटवर्क का खुलासा किया। कार्रवाई डीएफओ बलरामपुर आलोक वाजपेयी के निर्देश पर की गई। उप वनमंडलाधिकारी राजपुर के मार्गदर्शन में विशेष टीम ने 9 सितंबर की रात राजपुर-ओंकरा-धौरपुर-करदोनी मार्ग पर घेराबंदी की। टीम ने अवैध साल चिरान से भरी टाटा योद्धा गाड़ी को पकड़ा। वाहन का नंबर यूपी टी 64 बीटी 3521 बताया गया है। मौके से मुख्य तस्कर अंजय टोप्पो, ड्राइवर अंथ्रेस और अजय को गिरफ्तार किया गया। अंजय टोप्पो सरगुजा के करदोनी गांव का निवासी है। ड्राइवर अंथ्रेस मसगा धौरपुर और अजय करदोनी अंबिकापुर का रहने वाला है। जांच के दौरान वाहन से राष्ट्रीयकृत साल की 80 नग चिरान बरामद हुई। इसकी कुल मात्रा 1.209 घनमीटर और अनुमानित कीमत करीब 80 हजार रुपए बताई गई है। जब्त वाहन की कीमत करीब 6 लाख रुपए आंकी गई है। वन विभाग के अनुसार मुख्य आरोपी आदतन लकड़ी चोरी में शामिल रहा है और उसके संबंध बड़े लकड़ी माफिया गिरोहों से हैं। गिरोह जंगल से पेड़ काटने और उनकी चिराई के लिए अलग-अलग लोगों का नेटवर्क इस्तेमाल करता था। आरोपी ने 15 ग्रामीणों से 400 रुपए प्रति नग की दर से 80 नग चौखट की लकड़ी खरीदी थी और उन्हें 600 रुपए प्रति नग के हिसाब से आसपास के गांवों में बेचने की तैयारी थी।
Source: Source