हरियाणा के यमुनानगर जिले के जठलाना क्षेत्र में सड़क हादसे में 45 वर्षीय मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव धर्मेंद्र सिंह की मौत हो गई। हादसा पेट्रोल पंप के पास एमटी करेहड़ा चौक के नजदीक हुआ। धर्मेंद्र सिंह यमुनानगर के लक्ष्मी गार्डन इलाके में रहते थे और वृंदा कंपनी में मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव के पद पर कार्यरत थे। वह रादौर, जठलाना और आसपास के क्षेत्रों में दवाइयों से संबंधित काम करते थे। घटना के दिन वह बाइक से काम के लिए घर से निकले थे। दोपहर करीब 12 बजे जठलाना में काम निपटाने के बाद वह रादौर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे एक डंपर ने उनकी बाइक को सीधी टक्कर मार दी। शिकायत के अनुसार, डंपर चालक तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चला रहा था। टक्कर लगने से धर्मेंद्र सड़क पर गिर गए और उन्हें गंभीर चोटें आईं। हादसे में उनकी बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने घायल धर्मेंद्र को नाहरपुर सिविल अस्पताल पहुंचाया। बाद में परिजन उन्हें यमुनानगर के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक के भाई त्रिलोचन सिंह ने पुलिस को बताया कि धर्मेंद्र दो बच्चों के पिता थे। शिकायत में डंपर चालक की पहचान देवधर निवासी इंतजार के रूप में बताई गई है, जो हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। जठलाना थाना पुलिस ने चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Source: Source