पंजाब के मोहाली जिले के डेराबस्सी सिविल अस्पताल के डॉ. जोत नूर के साथ मारपीट की घटना के बाद चिकित्सकों में रोष फैल गया है। डॉक्टर शुक्रवार शाम अपनी कार के पास पहुंचे थे, जहां दो अज्ञात युवकों ने उनका पेशा पूछा और फिर धक्का-मुक्की व मारपीट शुरू कर दी। यह घटना डेराबस्सी थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर हुई, जिससे पुलिस सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं। डॉक्टरों का आरोप है कि शिकायत के घंटों बाद भी पुलिस ने किसी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया है। इसके विरोध में अस्पताल के डॉक्टरों और कर्मचारियों ने ओपीडी सेवाएं बंद कर धरना दे दिया है। हालांकि, मरीजों को देखते हुए इमरजेंसी सेवाएं जारी रखी गई हैं। चिकित्सकों का कहना है कि स्वास्थ्य कर्मियों पर हमले बढ़ रहे हैं, लेकिन सख्त कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और बेहतर सुरक्षा व्यवस्था की मांग की है। थाना प्रभारी सुमित मोर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source: Source