मोगा में स्वराज ट्रैक्टर और खेतीबाड़ी की मशीनरी देने का झांसा देकर 23.80 लाख रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। धर्मकोट पुलिस ने सुल्तानपुर लोधी निवासी सुखमनप्रीत सिंह और उसके पिता सरवन सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया है। शिकायतकर्ता गुरनाम सिंह ने खेती के लिए ट्रैक्टर और मशीनरी खरीदने के लिए बैंक से कर्ज लिया था। उन्होंने आरोपियों को 18 फरवरी 2025 को 7.56 लाख रुपये दिए थे। इसके बाद 27 फरवरी 2025 को 16.24 लाख रुपये और दिए गए। इस तरह आरोपियों को कुल 23.80 लाख रुपये का भुगतान किया गया। आरोप है कि पूरी रकम लेने के बावजूद आरोपियों ने न ट्रैक्टर दिया और न ही खेती की मशीनरी उपलब्ध कराई। शिकायतकर्ता के मुताबिक, काफी समय बीतने के बाद भी रकम वापस नहीं की गई। इसके बाद उन्होंने जिला पुलिस अधीक्षक मोगा के पास शिकायत दर्ज कराई। डीएसपी धर्मकोट की जांच में शिकायतकर्ता के आरोप सही पाए जाने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया। पुलिस ने बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत पिता-पुत्र के खिलाफ कार्रवाई शुरू की है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।
Source: Source