बैकुंठपुर के शासकीय आदर्श कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में लज्जा अशोक कुमार अलंग स्मृति सम्मान का 10वां समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों को पदक, स्मृति चिह्न, प्रशस्ति पत्र और उपहार प्रदान किए गए। समारोह के मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त कमिश्नर डॉ. संजय अलंग रहे। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। प्राचार्य अमृत लाल गुप्ता ने आयोजन को क्षेत्र की शैक्षणिक परंपरा के लिए प्रेरणादायक बताया। डॉ. संजय अलंग ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए शिक्षा के महत्व पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने छात्रों को आधुनिक अध्ययन पद्धतियां अपनाने और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के सुझाव दिए। जिला शिक्षा अधिकारी जितेंद्र गुप्ता ने मेधावी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए जिले की शैक्षणिक उपलब्धियों पर चर्चा की। समारोह में दोनों विद्यालयों के कई प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मान मिला। यह सम्मान समारोह डॉ. संजय अलंग द्वारा अपने माता-पिता की स्मृति में हर वर्ष आयोजित किया जाता है। कार्यक्रम में शिक्षक, विद्यार्थी और नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
Source: Source