छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने छात्रों और अभिभावकों को फर्जी फोन कॉल से सावधान किया है। बोर्ड ने दूसरी मुख्य और अवसर परीक्षा के बाद यह एडवायजरी जारी की है। फिलहाल उत्तर पुस्तिकाओं की जांच का काम चल रहा है। बोर्ड के अनुसार 2024 और 2025 में भी छात्रों और अभिभावकों को फर्जी कॉल किए गए थे। इन कॉल में रिजल्ट सुधारने, नंबर बढ़ाने या पास कराने के बदले पैसे मांगे गए थे। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि ऐसे कॉल का मंडल से कोई संबंध नहीं है। छात्रों और अभिभावकों से कहा गया है कि ऐसे किसी व्यक्ति पर भरोसा न करें। नंबर बढ़ाने या परिणाम बदलने के नाम पर किसी को पैसे नहीं देने की सलाह दी गई है। ठग परीक्षा या रिजल्ट से जुड़ी जानकारी बताकर भरोसा जीतने की कोशिश कर सकते हैं। बोर्ड ने निजी और बैंक संबंधी जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करने को कहा है। ऐसे फर्जी कॉल मिलने पर नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत करने की सलाह दी गई है। बोर्ड ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि किसी भी लालच में आकर ठगी का शिकार न हों।
Source: Source