सक्ती जिले के मालखरौदा में शिक्षकों की कमी को लेकर विद्यार्थियों और पालकों ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने एसडीएम कार्यालय के सामने बीरभांठा-मालखरौदा मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। इससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। छात्रों का कहना था कि कई सरकारी स्कूलों में लंबे समय से शिक्षकों की कमी बनी हुई है। पर्याप्त शिक्षक नहीं होने से नियमित कक्षाएं नहीं लग पा रही हैं और पढ़ाई प्रभावित हो रही है। विद्यार्थियों और पालकों ने बताया कि कई बार अधिकारियों को आवेदन देने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। नाराज होकर उन्होंने आंदोलन का रास्ता अपनाया। स्थानीय लोगों ने भी शिक्षा व्यवस्था में सुधार और स्थायी शिक्षक नियुक्ति की मांग की। सूचना मिलने पर एसडीएम मौके पर पहुंचे और छात्रों से बातचीत की। उन्होंने जल्द समाधान का भरोसा दिया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया। शिक्षा विभाग ने भी शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया जल्द पूरी करने की बात कही है।
Source: Source