प्रतापपुर में छत्तीसगढ़ मनरेगा कर्मचारी महासंघ ने अपनी लंबित मांगों को लेकर सरकार को अंतिम चेतावनी दी है। महासंघ ने घोषणा की है कि यदि 1 जुलाई तक उनकी मांगों का समाधान नहीं किया गया तो 2 से 4 जुलाई तक चरणबद्ध हड़ताल की जाएगी। प्रमुख मांगों में मानव संसाधन नीति (HR पॉलिसी) लागू करना, सेवा और सामाजिक सुरक्षा प्रदान करना तथा ग्राम रोजगार सहायकों को संविदा और ग्रेड पे का लाभ देना शामिल है। महासंघ ने इस संबंध में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहित प्रशासन को हड़ताल सूचना पत्र सौंपा है। संगठन का कहना है कि उन्होंने अपनी मांगें पहले भी कई स्तरों पर शासन को भेजी हैं। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार 2 और 3 जुलाई को जिला और जनपद स्तर पर प्रदर्शन होगा। 4 जुलाई को रायपुर में प्रदेश स्तरीय हड़ताल और रैली आयोजित की जाएगी। इस दौरान शासन को ज्ञापन भी सौंपा जाएगा। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी न होने पर आंदोलन और तेज किया जाएगा।
Source: Source